Header Ads Widget

भुवनेश कुमार पटेल बने ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन के प्रदेश संरक्षक, भोपाल में सर्वसम्मति से हुई घोषणा

 भुवनेश कुमार पटेल बने ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन के प्रदेश संरक्षक, भोपाल में सर्वसम्मति से हुई घोषणा


    भोपाल/विद्या नगर, 22 मार्च 2026

ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन की महत्वपूर्ण बैठक भोपाल के विद्या नगर स्थित सी-29 में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व मुख्य अभियंता एवं पूर्व अपाक्स अध्यक्ष श्री भुवनेश कुमार पटेल को फेडरेशन का प्रदेश संरक्षक नियुक्त किया गया।

यह नियुक्ति फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग माननीय वी. ईश्वरैया के अनुमोदन के पश्चात की गई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. साहू ने औपचारिक रूप से श्री पटेल के नाम की घोषणा की, जिसे उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने समर्थन दिया।

घोषणा के बाद अपने संबोधन में श्री भुवनेश कुमार पटेल ने कहा कि वे संगठन के माध्यम से पिछड़े वर्गों के संवैधानिक अधिकारों और हितों को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और संगठनात्मक मजबूती को अपनी प्राथमिकता बताया।

इस अवसर पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. साहू, अपाक्स अध्यक्ष के.पी. सिंह यादव, प्रदेश महासचिव जगदीश सिंह यादव, भोपाल जिला अध्यक्ष जय सिंह पटेल, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष के. बैरागी तथा चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. आर.पी. साहू ने फेडरेशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन का मुख्य लक्ष्य पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और सामाजिक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस नियुक्ति को फेडरेशन के लिए एक मजबूत कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश स्तर पर संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments