Header Ads Widget

शहडोल में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” की गूंज: प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग

 शहडोल में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” की गूंज: प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग

इंडियन कॉफी हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से गौ संरक्षण एवं सम्मान का संदेश, हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनसमर्थन जुटाया


शहडोल,

जिले में गौ संरक्षण और सम्मान को लेकर जनजागरण तेज होता नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज शहडोल स्थित इंडियन कॉफी हाउस में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों को गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जागरूक किया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभियान के उद्देश्य स्पष्ट करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और उनका संरक्षण केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि गौवंश की सुरक्षा, देखभाल एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को गौ सम्मान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनसमर्थन जुटाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर पत्रक पर अपने हस्ताक्षर कर इस मुहिम को समर्थन दिया।

इस अभियान में नंदी गौ सेवा धाम की टीम की सक्रिय भागीदारी रही। टीम के सदस्य विकास जोतवानी, अमन यादव, सिद्धांत रजक, खुशी सोनी एवं परी जोतवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वक्ताओं ने कहा कि “गौ सेवा ही राष्ट्र सेवा है” और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह गौ संरक्षण के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक समाज और प्रशासन मिलकर प्रयास नहीं करेंगे, तब तक गौवंश की स्थिति में व्यापक सुधार संभव नहीं है।

अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक स्वर में “जय गौ माता” के उद्घोष के साथ गौ संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Post a Comment

0 Comments