गेहूं, चना एवं मसूर उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण
शहडोल 6 मई 2026- जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना एवं मसूर का उपार्जन शासन द्वारा निर्धारित उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है। जिले में गेहूं के 30 तथा चना एवं मसूर के 2 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उप संचालक कृषि शहडोल श्री के.एस. यादव द्वारा गेहूं उपार्जन केंद्र पेपरेडी एवं भन्नी तथा चना एवं मसूर उपार्जन केंद्र ब्यौहारी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के लिए पेयजल, छाया, समय पर तौल व्यवस्था एवं 6 तौल कांटों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि पेपरेडी उपार्जन केंद्र में अब तक 6271.50 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है। इस केंद्र के लिए 672 किसानों द्वारा स्लॉट बुक किए गए हैं, जिनमें से 274 किसानों के स्लॉट पर विक्रय कार्य शेष है।
वहीं ब्यौहारी मंडी में सेवा सहकारी समिति ब्यौहारी द्वारा 12.50 क्विंटल चना एवं 74 क्विंटल मसूर का उपार्जन किया गया है।
उप संचालक कृषि श्री यादव ने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भी उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है, इसलिए केंद्र प्रभारी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखें।


0 Comments