पेट्रोल पंप प्रकरण से उपभोक्ताओं में भय, गुणवत्ता एवं माप की जांच की मांग तेज
04 जून 2026 ब्यौहारी, शाहडोल
ब्यौहारी क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर हुई कथित मारपीट की घटना के बाद आम उपभोक्ताओं में चिंता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि घटना के बाद कई लोग संबंधित पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाने से कतरा रहे हैं। उनका मानना है कि ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
क्षेत्र के नागरिकों ने यह भी मांग उठाई है कि संबंधित पेट्रोल पंप की ईंधन गुणवत्ता एवं माप प्रणाली की जांच कराई जाए। उपभोक्ताओं का आरोप है कि समय-समय पर पेट्रोल की गुणवत्ता तथा निर्धारित मात्रा से कम ईंधन दिए जाने संबंधी शिकायतें सामने आती रही हैं। इसलिए पेट्रोल एवं डीजल की गुणवत्ता की प्रयोगशाला जांच, माप-तौल विभाग द्वारा मशीनों की जांच तथा सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण कराया जाना आवश्यक है।
सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संपूर्ण मामले की पारदर्शी जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, जिससे आम जनता का विश्वास बना रहे।
इस संबंध में ज्ञापन सौंपे जाने पर एसडीएम ब्यौहारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि प्राप्त शिकायतों एवं मांगों के संबंध में तीन दिनों के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

0 Comments