नगर पालिका परिषद शहडोल ने भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश
शहडोल। आजादी के अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा गुरुवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगे के रंग में रंगी इस यात्रा में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। नगर के मुख्य मार्गों से गुजरती इस यात्रा में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ के गगनभेदी नारे लगाकर पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया
कार्यक्रम में नगर पालिका के सभी अधिकारी-कर्मचारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी, समाजसेवी सिल्लू रजक संजीव प्रताप सिंह प्रभात पांडेय जीतू सिंह होल्कर सिंह प्रदीप तिवारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान को याद किया।
तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक स्थलों के सामने से गुजरी, जहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना और राष्ट्र के प्रति गर्व एवं एकता की भावना को सशक्त बनाना था
नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक और देश की एकता का संदेश है। उपाध्यक्ष डॉली शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा अवश्य फहराएं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी ने खड़े होकर भाग लिया और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होकर इस पावन क्षण को यादगार बना दिया
0 Comments