मिर्ची स्प्रे, फायरिंग और बेसबॉल बैट... छुहिया घाटी में पुलिस काफिले पर हमला, NDPS आरोपी छुड़ाकर भागे बदमाश
सीधी/रीवा। रीवा-सीधी सीमा की छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम को घेरकर हमला कर दिया। करीब एक दर्जन बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची/पेपर स्प्रे डाला और इसके बाद फायरिंग कर दहशत फैलाई।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस की टीम NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को पेशी के लिए रीवा ला रही थी। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस वाहन को ओवरटेक कर घेर लिया। पुलिसकर्मियों के आंखों में स्प्रे डालने के बाद वाहन के शीशे तोड़े गए और बेसबॉल बैट से हमला किया गया। बदमाशों ने कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग भी की और आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही सीधी और रीवा पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों के मैहर की ओर जाने की बात सामने आई है। इसके बाद रीवा, सीधी और मैहर पुलिस ने नाकाबंदी कर CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट लगने की जानकारी है। आरोपी को छुड़ाने की इस वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।


0 Comments