9 जिलों में फैला वन्यजीव तस्करी का जाल ध्वस्त — 22 आरोपी गिरफ्तार
3 जीवित पैंगोलिन, 1.6 किलो स्केल, 1 लेपर्ड स्किन सहित वाहन जब्त
शहडोल। वन विभाग की बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई में 9 जिलों में फैले अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल के निर्देशन एवं दक्षिण शहडोल वनमंडल की टीम के सतत प्रयासों से संभव हो पाई।
कार्रवाई के दौरान तस्करों के कब्जे से 3 जीवित पैंगोलिन, 1.6 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल, 1 दुर्लभ लेपर्ड की खाल, साथ ही 1 कार, 1 स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बरामद सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से संरक्षित वन्यजीवों का शिकार कर उनकी तस्करी में सक्रिय था। गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग जिलों में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जीवित पैंगोलिन को सुरक्षित वन क्षेत्र में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पुनः छोड़ा जाएगा।

0 Comments