Header Ads Widget

वन विभाग की बड़ी सफलता: जीवित पैंगोलिन के साथ आरोपी गिरफ्तार

 वन विभाग की बड़ी सफलता: जीवित पैंगोलिन के साथ आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर दमोह से दबोचा गया वन्यजीव तस्कर, न्यायालय में पेश

  शहडोल। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग दक्षिण शहडोल की टीम को बड़ी सफलता मिली है। वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल श्री महेन्द्र प्रताप सिंह (भा.व.से.) के निर्देशन एवं वनमण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) के कुशल मार्गदर्शन में 10 फरवरी 2026 को यह कार्रवाई की गई।

वन परिक्षेत्र जैतपुर अंतर्गत दर्ज वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20456/11 दिनांक 27.10.2025 में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं 09, 2(16), 39, 44, 48, 51, 52 एवं 57 के तहत संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी बीच मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वनमण्डल दक्षिण शहडोल की विशेष टीम गठित कर जिला दमोह के सागौनी-कुश्मी मार्ग पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रेमलाल राय (53 वर्ष), निवासी ग्राम गाडा, थाना बचौया, तहसील बहोरीबंद जिला कटनी (म.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक जीवित पैंगोलिन (वन्यप्राणी) बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर शहडोल लाया गया और माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला शहडोल के समक्ष पेश किया गया।

 इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में कार्यवाहक उपवनक्षेत्रपाल श्री श्रीप्रकाश शुक्ला, परिक्षेत्र बड़खेरा, श्री ब्रजभान सिंह (भुमकार), श्री अभिनय गौतम (वनरक्षक खन्नौधी), श्री सुशील रैकवार (वनरक्षक जैतपुर), श्री धीरेन्द्र गौतम (वनरक्षक केशवाही), श्री बेदन सिंह धुर्वे (कार्यवाहक वनपाल केशवाही), श्री रणदमन सिंह (वनरक्षक गोहपारू), श्री संदीप सिंह चौहान, श्री सुरेश कुमार बैगा एवं श्री अविनाश सिंह सहित अन्य वनकर्मियों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments