घरौला नाथ हनुमान मंदिर परिसर हुआ जगमग, पार्षद सिल्लू रजक की पहल से बदली तस्वीर
शहडोल घरौला मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध घरौला नाथ हनुमान मंदिर परिसर अब रात के अंधेरे में भी रोशनी से नहाया नजर आ रहा है। वार्ड पार्षद सिल्लू रजक की पहल पर मंदिर के बाहर तिराहे पर मिनी हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में उजाला फैल गया है। इस रोशनी का लाभ न केवल मंदिर बल्कि समीप स्थित गुरुद्वारा और साईं मंदिर क्षेत्र को भी मिल रहा है।
यह मंदिर मोहल्ले का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पहले रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों को असुविधा व असुरक्षा की स्थिति का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद सिल्लू रजक ने मिनी हाईमास्ट लाइट लगवाने की पहल की।
लाइट के स्थापित होते ही मंदिर परिसर और आसपास की सड़कें रोशनी से जगमगा उठीं। अब देर शाम और रात में भी श्रद्धालु सुरक्षित और सहज वातावरण में दर्शन कर पा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है।
मोहल्लावासियों ने पार्षद सिल्लू रजक के इस प्रयास की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी छोटी लेकिन प्रभावी पहलें ही वास्तविक विकास की पहचान होती हैं।
शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घरौला नाथ हनुमान मंदिर परिसर में मिनी हाईमास्ट लाइट की स्थापना इसी दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

0 Comments