Header Ads Widget

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: जंगली सुअर के शावक के शिकार मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

 वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: जंगली सुअर के शावक के शिकार मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए




शहडोल।

वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल श्री महेन्द्र प्रताप सिंह (भा.व.से.) के निर्देशन एवं वनमण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) के कुशल मार्गदर्शन में वन विभाग ने अवैध शिकार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

दिनांक 03 फरवरी 2026 को वन परिक्षेत्र जैतपुर अंतर्गत बीट मलया के कक्ष क्रमांक RF 878 में दो व्यक्तियों द्वारा कुछ फेंककर भागने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र जैतपुर का अमला तत्काल सर्किल नेमुहा के बीट मलया पहुंचा, जहां खोजबीन के दौरान गमछे में बंधा जंगली सुअर के शावक का शव बरामद किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वॉड ‘जिनी’ को बुलाया गया। डॉग हैंडलर द्वारा ट्रैकिंग कराए जाने पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। डॉग स्क्वॉड की निशानदेही पर केशव पिता देवीदीन सिंह गोंड, संजय पिता सियालाल सिंह गोंड निवासी ग्राम सेजहाई को पकड़ा गया। आगे की पूछताछ में हेमराज सिंह उर्फ नेता पिता जयकरण गोंड, निवासी ग्राम सेजहाई को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों संजय सिंह एवं हेमराज सिंह उर्फ नेता के पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जप्त की गई। मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20472/09 दिनांक 04.02.2026 पंजीबद्ध कर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

दिनांक 05 फरवरी 2026 को सभी आरोपियों को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला शहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस सराहनीय कार्रवाई में परिक्षेत्राधिकारी श्री जयवंत सिंह मीना (भा.व.से.), परिक्षेत्र सहायक नेमुहा श्री पराग सिंह धुर्वे, बीटगार्ड नेमुहा श्री आशीष कुमार शुक्ला, बीट गार्ड मलया, डॉग हैंडलर श्री रामकमल पयासी, श्री राजकुमार त्रिपाठी सहित अन्य वनकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments