मीडिया मैनेजमेंट विभाग द्वारा वित्तीय साक्षरता पर विशेषज्ञ सत्र का आयोजन
भोपाल / आज मीडिया मैनेजमेंट विभाग द्वारा “युवा नागरिकों के लिए वित्तीय शिक्षा” विषय पर एक ज्ञानवर्धक विशेषज्ञ सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत तथा सेबी की क्षमता निर्माण पहल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट (NISM) के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस विशेषज्ञ सत्र का संचालन सेबी से संबद्ध एनआईएसएम के प्रमाणित विशेषज्ञ श्री विवेक वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश बाजपेयी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक सुश्री मनीषा वर्मा ने अतिथि वक्ता का स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
अपने सत्र में श्री विवेक वर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन में निवेश के महत्व, आपातकालीन फंड की उपयोगिता, बचत एवं निवेश के बीच अंतर, तथा वित्तीय अनुशासन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चार प्रमुख खातों—सेविंग, निवेश, ऋण एवं व्यय—की अवधारणा को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही लक्ष्य-आधारित निवेश के उपयोगी सुझाव दिए और यह स्पष्ट किया कि निवेश में देरी भविष्य में महंगी साबित हो सकती है।
सत्र के दौरान म्यूचुअल फंड, शेयर मार्केट, एसआईपी एवं गोल्ड इन्वेस्टमेंट जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। श्री वर्मा ने छात्रों को सलाह दी कि वे भविष्य के लक्ष्यों की योजना बनाएं तथा निवेश करते समय जोखिम की समझ अवश्य रखें।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञ द्वारा उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का समापन विभाग के शिक्षक श्री सुधांशु काटदरे द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

0 Comments