Header Ads Widget

ब्यौहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 क्विंटल अवैध गांजा जब्त, तीन कारों समेत चार आरोपी गिरफ्तार

 ब्यौहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 क्विंटल अवैध गांजा जब्त, तीन कारों समेत चार आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्यौहारी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 04 क्विंटल अवैध गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन चार पहिया वाहन, सात मोबाइल फोन तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई जा रही है।

 पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देशन में बुधवार देर रात ब्यौहारी अनुभाग के पुलिस थानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता प्राप्त की। सूचना मिलने के बाद थाना ब्यौहारी ने थाना देवलोंद और थाना जयसिंहनगर पुलिस के साथ मिलकर ब्यौहारी-सीधी मार्ग स्थित मंटोला के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस ने अलग-अलग वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान —

बलेनो कार से लगभग 106 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसमें आरोपी शेखर शुक्ला को गिरफ्तार किया गया।

XL6 कार से करीब 170 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसमें आरोपी राज कुमार गुप्ता पकड़ा गया।

XUV 300 वाहन से लगभग 123 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसमें आरोपी राम प्रकाश पटेल गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 07 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ, वाहन और मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपए है।

पूरी कार्रवाई को तीन अलग-अलग पुलिस टीमों ने अंजाम दिया। एक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी ब्यौहारी, दूसरी टीम का नेतृत्व थाना देवलोंद तथा तीसरी टीम का नेतृत्व थाना जयसिंहनगर द्वारा किया गया। इस कार्रवाई में साइबर सेल की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना ब्यौहारी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments