खजुराहो एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए बढ़ीं सुविधाएं, किड्स ज़ोन से फ्लाई लाइब्रेरी तक 25 से अधिक नई व्यवस्थाएं
खजुराहो। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने खजुराहो हवाई अड्डे पर यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के लिए 25 से अधिक आधुनिक सुविधाएं शुरू की हैं। इनमें किड्स ज़ोन, फ्लाई लाइब्रेरी, निःशुल्क वाई-फाई, चाइल्ड केयर एवं बेबी फीडिंग रूम, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन, स्वचालित पार्किंग प्रणाली, प्रीपेड टैक्सी सेवा, स्नैक बार, रिटेल शॉप, पर्यटक सहायता केंद्र, "मे आई हेल्प यू" काउंटर, मोबाइल एवं लैपटॉप चार्जिंग स्टेशन, विश्वस्तरीय शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा वीआईपी लाउंज जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
खजुराहो एयरपोर्ट के निदेशक संतोष सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से 30 जून 2026 के बीच लगभग 40 हजार यात्रियों ने खजुराहो एयरपोर्ट से यात्रा की। यात्रियों से प्राप्त सकारात्मक फीडबैक के आधार पर एयरपोर्ट ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स (सीएसआई) सर्वेक्षण में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में खजुराहो एयरपोर्ट पर यात्री संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में 15,701, 2023 में 50,300, 2024 में 49,715 तथा 2025 में 51,543 यात्रियों ने एयरपोर्ट का उपयोग किया। वहीं वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में ही लगभग 40 हजार यात्री यात्रा कर चुके हैं, जबकि वर्ष के अभी छह महीने शेष हैं।
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि पिछले दो माह से नियमित उड़ान सेवाएं एयरलाइन की परिचालन एवं व्यावसायिक योजना के कारण अस्थायी रूप से प्रभावित हुई हैं। विमानों की उपलब्धता, नेटवर्क पुनर्गठन, क्रू प्रबंधन तथा स्लॉट आवंटन जैसे कारणों से उड़ानों का संचालन रुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि सितंबर से नियमित उड़ान सेवाएं पुनः शुरू हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि खजुराहो एयरपोर्ट 2,286 मीटर लंबे रनवे, दो एयरोब्रिज, 10 विमान पार्किंग स्टैंड, कैट-1 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस), डीवीओआर/डीएमई नेविगेशन प्रणाली, आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम तथा प्रतिवर्ष 15 लाख यात्रियों की क्षमता वाले टर्मिनल भवन से सुसज्जित है। भविष्य में यहां रडार सर्विलांस प्रणाली स्थापित करने की भी योजना है।
संतोष सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि नियमित उड़ान सेवाएं शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की उन्नत आधारभूत संरचना और यात्री-अनुकूल सुविधाएं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी। इससे यूनेस्को विश्व धरोहर नगरी खजुराहो में पर्यटन को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।


0 Comments