Header Ads Widget

शहडोल में वन विभाग की बड़ी 'सर्जिकल स्ट्राइक': रात के अंधेरे में अवैध लकड़ी का परिवहन करते ट्रक और ट्रैक्टर जब्त

 शहडोल में वन विभाग की बड़ी 'सर्जिकल स्ट्राइक': रात के अंधेरे में अवैध लकड़ी का परिवहन करते ट्रक और ट्रैक्टर जब्त

दक्षिण शहडोल वन मंडल की रात्रि गश्ती दल ने दो अलग-अलग कार्रवाई में नीलगिरी की लकड़ी से लदे वाहनों को पकड़ा, माफियाओं में हड़कंप।

शहडोल

वन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। दक्षिण शहडोल वन मंडल ने 29 और 30 नवंबर की दरमियानी रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध लकड़ी परिवहन के मंसूबों पर पानी फेर दिया। वन संरक्षक श्री अनुपम कुमार सहाय और वनमंडलाधिकारी (DFO) सुश्री श्रद्धा पन्द्रे के कुशल मार्गदर्शन में गठित विशेष रात्रि गश्ती दल ने दो अलग-अलग स्थानों से नीलगिरी की लकड़ी से लदे एक ट्रक और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।

पहली कार्रवाई: देर रात 1:10 बजे पकड़ाया ट्रक

विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गश्ती के दौरान वन परिक्षेत्र जैतपुर के बीट देवरी स्थित ग्राम न्यूटरी में रात करीब 01:10 बजे एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक CG31C0154) दिखाई दिया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को रोका और तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में नीलगिरी की लकड़ी लोड पाई गई।

पूछताछ करने पर चालक श्री निवास पनिका (निवासी घुनघुटी, उमरिया) लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग ने तत्काल ट्रक को जब्त कर बीटगार्ड भठिया की सुपुर्दगी में दे दिया है।

दूसरी कार्रवाई: भोर में 4:10 बजे ट्रैक्टर जब्त

इस कार्रवाई के महज तीन घंटे बाद, सुबह लगभग 04:10 बजे गश्ती दल ने जैतपुर PWD मार्ग पर ग्राम बैरिहा के पास एक नीले रंग के ट्रैक्टर को रोका। तलाशी में इस ट्रैक्टर में भी अवैध रूप से नीलगिरी की लकड़ी लोड पाई गई। चालक के पास कोई दस्तावेज न होने पर ट्रैक्टर को जब्त कर परिक्षेत्र सहायक नेमुहा कैंपस में खड़ा कराया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग की टीम की सतर्कता और सक्रियता देखने को मिली। टीम में मुख्य रूप से श्री नरेन्द्र बाथम (परिक्षेत्र सहायक चुहरी), वनरक्षक श्री सैफुल्ला खालिद अंसारी, श्री दया नारायण द्विवेदी, श्री राजेश शर्मा, श्री रवि नारायण शुक्ला, वनपाल श्री पराग सिंह धुर्वे, बीटगार्ड बाबूलाल सिंह कंवर एवं आशीष रैदास और वाहन चालक श्री राम भरोसे बर्मन शामिल थे।

वन विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध लकड़ी का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वनों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

0 Comments