Header Ads Widget

किसानों की अनदेखी अब आंदोलन में बदलेगी!

 किसानों की अनदेखी अब आंदोलन में बदलेगी!

भारतीय किसान संघ का प्रशासन को अल्टीमेटम

शहडोल/उमरिया।

किसानों की समस्याओं को लेकर बार-बार ज्ञापन एवं स्मरण पत्र देने के बावजूद जिला प्रशासन की उदासीनता से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। भारतीय किसान संघ, जिला  इकाई उमरिया अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल द्वारा आयुक्त शहडोल संभाग को द्वितीय स्मरण पत्र सौंपते हुए प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

संघ ने बताया कि दिनांक 16 जनवरी 2026 को कलेक्टर कार्यालय उमरिया में ज्ञापन प्रस्तुत किया गया था तथा 28 जनवरी 2026 को प्रथम स्मरण पत्र भी दिया गया, किंतु आज दिनांक तक किसी भी बिंदु पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे किसानों में प्रशासन के प्रति रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

 नेशनल हाईवे-47 पर आंदोलन की चेतावनी

भारतीय किसान संघ ने चेताया है कि प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो किसान नेशनल हाईवे-47 पर धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। आंदोलन के दौरान किसान सड़क पर ही बैठेंगे, वहीं भोजन बनाएंगे और वहीं विश्राम करेंगे, जिसकी पूर्ण जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।

 प्रतिनिधि मंडल रहा उपस्थित

इस अवसर पर भारतीय किसान संघ का प्रतिनिधि मंडल उपस्थित रहा, जिसमें

जिला अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, जिला सह मंत्री भामा नायक, तहसील अध्यक्ष पाली,  पुरुषोत्तम सिंह,

ग्राम सदस्य सियाराम (ग्राम मलाचुहा) सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

संघ ने कहा कि किसान देश की 132 करोड़ आबादी का पेट भरने वाला वर्ग है, बावजूद इसके किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। तहसील स्तर पर किसानों के साथ बैठक को लेकर दिए गए गैर-जिम्मेदाराना बयानों से किसानों में भारी नाराजगी है।

भारतीय किसान संघ ने आयुक्त महोदय से मांग की है कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि किसानों को आंदोलन की राह न अपनानी पड़े।

Post a Comment

0 Comments