Header Ads Widget

वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सख्त कदम, अवैध शिकार के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सख्त कदम, अवैध शिकार के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शहडोल वन परिक्षेत्र में ‘ऑपरेशन वाइल्ड ट्रैप’ के तहत वन विभाग की सराहनीय कार्रवाई

शहडोल।

वन्यजीव संरक्षण की दिशा में वन विभाग ने एक बड़ी और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल श्री महेन्द्र प्रताप सिंह (भा.व.से.) के निर्देशन, वनमण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) के कुशल मार्गदर्शन एवं उप वनमण्डलाधिकारी सोहागपुर श्री संतोष कुमार शुक्ला के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

दिनांक 08 फरवरी 2026 को वन परिक्षेत्र शहडोल के स्टाफ द्वारा ऑपरेशन ‘वाइल्ड ट्रैप’ के दौरान बीट केलमनिया अंतर्गत कक्ष क्रमांक/पी.एफ. 796, ग्राम अहिरगवा (खासरमाटी टोला), जिला अनूपपुर के पास जंगल में जंगली सुअर की चीख सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचे वनकर्मियों ने कुछ दूरी पर खाई के पास धुआं उठता देखा। मौके पर पहुंचने पर एक जंगली सुअर मृत अवस्था में पाया गया।

स्थल निरीक्षण के दौरान घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी बरामद की गई। इसके बाद डॉग स्क्वॉड एवं डॉग ‘जीनी’ की मदद से सघन सर्च अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के घर से जंगली सुअर को फंसाने वाला फंदा बरामद हुआ।

इस मामले में मैकू सिंह पिता बेसाहन सिंह (उम्र 50 वर्ष) एवं ज्ञान सिंह श्याम पिता कतकू सिंह (उम्र 42 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनके विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20384/20, दिनांक 08.02.2026 को पंजीबद्ध कर उन्हें माननीय न्यायालय जिला शहडोल में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों को जिला जेल भेज दिया गया।

इस सफल कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी शहडोल श्री रामनरेश विश्वकर्मा, परिक्षेत्र सहायक सिंहपुर श्री राकेश द्विवेदी, बीट प्रभारी अंतरा श्री अविनाश सिंह, बीटगार्ड नरवार श्री राहुल शर्मा, बीटगार्ड जमुई श्री सुरेश कुमार बैगा, बीटगार्ड जोधपुर श्री रामकिशोर बैगा, बीटगार्ड केलमनिया श्रीमती सरस्वती बैगा सहित अन्य वनकर्मियों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

वन विभाग की यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण के प्रति सख्त संदेश देती है कि अवैध शिकार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

0 Comments