रोटरी क्लब शहडोल का जनसेवा अभियान: 3 दिन का मेगा फ्री हेल्थ कैंप, जांच से लेकर ऑपरेशन तक मुफ्त
13–15 मार्च को मेगा नि:शुल्क शिविर, देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टर होंगे शामिल
शहडोल। जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13, 14 और 15 मार्च को रीवा रोड स्थित शासकीय आईटीआई परिसर में ‘रोटरी राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर’ आयोजित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय शिविर का शुभारंभ मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा किया जाएगा।
इस स्वास्थ्य शिविर में देश के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक पहुंचकर मरीजों की नि:शुल्क जांच, परामर्श और जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन भी करेंगे।
यह शिविर राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा के प्रयासों से रोटरी क्लब शहडोल, मंडला मैकल और जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। रोटरी क्लब शहडोल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शिविर में मेदांता मेडिसिटी गुरुग्राम, बॉम्बे हॉस्पिटल और लीलावती हॉस्पिटल मुंबई, मणिपाल हॉस्पिटल नोएडा सहित कई बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। मरीजों की जांच मेडिसिन, कैंसर, हड्डी रोग, स्त्री एवं शिशु रोग, हृदय रोग, नेत्र, त्वचा, मानसिक रोग, दंत और ईएनटी जैसे विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। इसके अलावा एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, ईको, डायबिटीज और फेफड़ों की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
11 मार्च को लगेगा रक्तदान शिविर
शिविर के दौरान संभावित ऑपरेशन को ध्यान में रखते हुए 11 मार्च को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध हो सके
वालेंटियर बनने का मौका
आयोजकों ने समाजसेवियों और युवाओं से इस आयोजन में वालेंटियर के रूप में जुड़ने की अपील की है। व्यवस्था में सहयोग करने वाले वालेंटियर को आईडी कार्ड भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों राजेश गुप्ता (कार्यक्रम संयोजक), कृष्ण कुमार गुप्ता (अध्यक्ष, रोटरी क्लब शहडोल) और विनोद प्रधान (सचिव, रोटरी क्लब शहडोल) ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से नि:शुल्क परामर्श और उपचार का लाभ जरूर लें।


0 Comments