Header Ads Widget

अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ बने ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन के विधिक सलाहकार

अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ बने ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन के विधिक सलाहकार



शहडोल, 8 मार्च 2026।
नगरपालिका परिषद शहडोल के स्वामी विवेकानंद कार्यक्रम हाल में आयोजित एक भव्य समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ को ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन का विधिक सलाहकार नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। यह घोषणा फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. साहू द्वारा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. साहू ने बताया कि यह नियुक्ति फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष के अनुमोदन से की गई है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ के लंबे न्यायिक और सामाजिक अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और इससे पिछड़े वर्गों को संवैधानिक व कानूनी अधिकारों के लिए मजबूत मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ ने वर्ष 1982 में अधिवक्ता के रूप में अपने विधिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1985-86 में जिला न्यायालय सतना में सिविल जज के रूप में पदस्थ रहे। बाद में उन्होंने लोकहित में स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति लेकर पुनः अधिवक्ता के रूप में समाज सेवा का कार्य जारी रखा।

वे जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2000 से 2005 तक नगरपालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष पद का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे स्वर्णकार समाज के विधि विभाग के अध्यक्ष रहने के साथ-साथ 6 वर्षों तक स्वर्णकार समाज के उपाध्यक्ष पद पर भी आसीन रहे। वर्तमान में वे वर्ष 2021 से विधि विभाग में प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ का माल्यार्पण एवं गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व टीआई आर.सी. वर्मा, जवाहरलाल सोनी, शिक्षक दुर्गा सोनी, वैश्य समाज के अध्यक्ष अनिल सोनी, कर्मचारी कांग्रेस नेता राजेन्द्र सोनी, प्रदेश सचिव के.पी. साहू, संभागीय युवा अध्यक्ष डॉ. पूरन, संभागीय कार्यवाहक अध्यक्ष ओंकार सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी, प्राध्यापक, सेवानिवृत्त कर्मचारी, पत्रकार, समाजसेवी और महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं।

अंत में अधिवक्ता महेन्द्र सर्राफ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए पिछड़े वर्गों के सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और कानूनी सहयोग के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।


Post a Comment

0 Comments