Header Ads Widget

पार्षद एवं नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों ने निभाया सामाजिक दायित्व


अज्ञात बुजुर्ग महिला को मानवता के साथ दी गई अंतिम विदाई

पार्षद एवं नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों ने निभाया सामाजिक दायित्व

शहडोल रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से क्षेत्र में संवेदना का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की पहचान के लिए लगातार प्रयास शुरू किए गए। काफी खोजबीन और जानकारी जुटाने के बावजूद जब महिला के परिजनों का कोई पता नहीं चल सका, तब मानवता और सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवियों ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई।

समाजसेवी रंजीत बसाक से संपर्क कर शव वाहन की व्यवस्था कराई गई, वहीं नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों ने पूर्ण सहयोग करते हुए महिला के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक जिला अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवाया।

रेलवे पुलिस द्वारा हरसंभव प्रयासों के बाद भी पहचान नहीं हो पाने पर नगर के समाजसेवी एवं पार्षद सिल्लु रजक के सहयोग से नगर पालिका द्वारा जेसीबी की व्यवस्था कर पाली रोड स्थित आकासवाड़ी के सामने शांति धाम में अज्ञात महिला का पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान नंदी गौ सेवा धाम के गौ सेवकों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए अंतिम विदाई दी।

इस पुण्य कार्य में पार्षद सिल्लु रजक, विकास जोतवानी, नंदी गौ सेवा धाम के सदस्य एवं जीआरपी पुलिस का विशेष सहयोग रहा।

यह कार्य केवल एक अंतिम संस्कार नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और करुणा की जीवंत मिसाल बनकर सामने आया, जिसने समाज को यह संदेश दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है।

Post a Comment

0 Comments