Header Ads Widget

बिजुरी में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात — संदिग्ध हालत में मिली मासूम बच्ची ने अस्पताल में तोड़ा दम

 बिजुरी में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात — संदिग्ध हालत में मिली मासूम बच्ची ने अस्पताल में तोड़ा दम

दोस्त से मारपीट कर युवती को जंगल ले जाने का आरोप, दुष्कर्म की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। माइन्स कॉलोनी की रहने वाली एक युवती अपने दोस्त के साथ स्कूटी से कोरजा कालरी घूमने गई थी। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवती के दोस्त के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी युवती को जबरन जंगल की ओर ले गए। कुछ देर बाद युवती संदिग्ध हालत में मिली, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवती के दोस्त ने किसी तरह वहां से निकलकर युवती के मुंहबोले भाई को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवती को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पीड़िता के दोस्त के मुताबिक घटना के समय इलाके में काफी अंधेरा था, जिससे आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से नहीं हो सकी। उसने बताया कि हमलावर दो युवक थे, जिन्होंने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजुरी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, एसडीओपी आरती शाक्य सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। वहीं, युवती की मौत को लेकर सामूहिक दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके के लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments