किसानों की समस्याओं पर कलेक्टर गंभीर, भारतीय किसान संघ की बैठक में उठे अहम मुद्दे
उमरिया। जिले के किसानों की समस्याओं और कृषि से जुड़ी चुनौतियों को लेकर बुधवार 6 मई 2026 को कलेक्टर सभागार उमरिया में भारतीय किसान संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर महोदया ने की, जिसमें कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, लीड बैंक, राजस्व विभाग सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने जिले के किसानों की ओर से कई महत्वपूर्ण समस्याओं को मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि आज किसान जिस भी क्षेत्र में काम करता है, उसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन की कई योजनाएं और नीतियां कागजों तक सीमित रह जाती हैं और उनका पूरा लाभ किसानों तक नहीं पहुंच पाता।
जिला अध्यक्ष ने किसानों को खाद-बीज, सिंचाई, बैंकिंग सुविधाओं, राजस्व संबंधी समस्याओं और कृषि योजनाओं के लाभ में आ रही दिक्कतों को विस्तार से अधिकारियों के सामने रखा। कलेक्टर महोदया ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं पर प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही भारतीय किसान संघ को आश्वस्त किया कि किसानों से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
बैठक में डिंडोरी जिला अध्यक्ष बिहारी लाल साहू, उमरिया से श्याम गुप्ता, शशिकांत शुक्ला, रामेश्वर प्रसाद द्विवेदी, भामा नायक, राजू, मुन्ना चाचा, पुरुषोत्तम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और किसान संगठनों के बीच इस तरह का संवाद आगे भी जारी रहेगा, जिससे किसानों की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके।

0 Comments