Header Ads Widget

वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती पर प्रतिभाओं का सम्मान

 वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती पर प्रतिभाओं का सम्मान

AIBCF के समारोह में नीट सहित मैट्रिक एवं मैट्रिकोत्तर सफल छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान, आरक्षण संबंधी ज्ञापन भी सौंपा


    जैतहरी, अनूपपुर। राष्ट्रवीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती के अवसर पर जैतहरी में भव्य जयंती समारोह एवं ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन (AIBCF) मध्य प्रदेश की प्रांतीय इकाई द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अनूपपुर की उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर तथा AIBCF मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी श्री बाल्मीक राठौर ने की।

समारोह में AIBCF के प्रांतीय सचिव के.पी. साहू, संभागीय अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक अंसारी, संभागीय मीडिया प्रभारी सगीर खान, जिला शहडोल के उपाध्यक्ष मो. इस्लाम खान, महेश प्रसाद साहू, AIBCF अनूपपुर जिलाध्यक्ष डॉ. विवेक प्रजापति तथा अपाक्स जिलाध्यक्ष श्री लाल बहादुर वर्मा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

दुर्गादास राठौर को बताया महान योद्धा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक बिसाहूलाल सिंह ने राष्ट्रवीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर के शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें महान योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि वीर दुर्गादास राठौर का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर ने भी अपने संबोधन में वीर दुर्गादास राठौर के जीवन और उनके राष्ट्रहित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला तथा युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

AIBCF मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. साहू ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

NEET सहित सफल विद्यार्थियों का सम्मान

समारोह में NEET सहित विभिन्न शैक्षणिक परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र, अध्ययन सामग्री एवं राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों से निर्मित पट्टी पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में उत्सव अग्रवाल, असिता राठौर, रुद्र प्रताप राठौर, शिवांश राठौर, भास्कर सोनी, खुशी साहू, गायत्री देवी, श्रेया गुप्ता, राधिका राठौर, अर्शीद खान, संगीता राठौर, आयुष वर्मा, धीरज पाण्डेय, कविता दुबे, पियुषी श्रेष्ठि पाण्डेय, लीचा सिंह राठौर, शिप्रा शर्मा, आकांक्षा उपाध्यक्ष, सक्षम गुप्ता, मोनिका राठौर, आदित्य ताम्रकार, संस्कृति मिश्रा, मनमोहन पाठक, गायत्री केवट एवं शिल्पा साहू सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगमंचीय गीत एवं सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बना दिया। समाज के कुछ आदर्शजनों द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

अतिथियों एवं पदाधिकारियों का सम्मान

आयोजक मंडल की ओर से मुख्य अतिथि बिसाहूलाल सिंह एवं कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक श्री बाल्मीक राठौर का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं डॉ. आर.पी. साहू को भी शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। AIBCF अनूपपुर जिलाध्यक्ष डॉ. विवेक प्रजापति का भी सम्मान किया गया।

आरक्षण को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन

समारोह के दौरान AIBCF मध्य प्रदेश की ओर से पूर्व मंत्री एवं वर्तमान अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह को मध्य प्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में SC, ST एवं OBC के आरक्षण में लागू होल्ड व्यवस्था को समाप्त कर जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण लागू किए जाने की मांग रखी गई। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को इस संबंध में आवश्यक न्यायिक एवं शासन स्तर की कार्यवाही का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक श्री बाल्मीक राठौर ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रवीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर के जयकारों एवं तालियों की गूंज के साथ समारोह का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments