Header Ads Widget

रक्तदान दिवस पर शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में गूंजा ‘रक्तदान महादान’ का संदेश

 रक्तदान दिवस पर शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में गूंजा ‘रक्तदान महादान’ का संदेश

क्विज प्रतियोगिता में 15 छात्रों ने दिए शत-प्रतिशत सही जवाब, जिला अस्पताल की ओर से मोमेंटो देकर किया सम्मानित

 शहडोल। राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को शहडोल स्थित शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ रक्तदान से जुड़े भ्रम और गलत धारणाओं को दूर करना रहा।

कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस दौरान आयोजित विशेष क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रक्तदान, स्वास्थ्य एवं इसके सामाजिक महत्व से जुड़े सवालों का उत्साह के साथ जवाब दिया।


  क्विज प्रतियोगिता में शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज के 15 छात्रों ने शत-प्रतिशत सही उत्तर देकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रों की इस उपलब्धि और रक्तदान के प्रति जागरूकता को देखते हुए जिला चिकित्सालय शहडोल की ओर से सभी 15 छात्रों को विशेष मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर छात्रों के चेहरे पर खुशी नजर आई और अन्य विद्यार्थियों में भी रक्तदान के प्रति उत्साह बढ़ा।

रक्तदान को लेकर युवाओं में बढ़ा उत्साह

   कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. डी.के. द्विवेदी, वर्तमान प्रिंसिपल एवं पूर्व ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुधा नामदेव, जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. शिल्पी सराफ, डॉ. दिव्यांश शर्मा, श्री राजेश मेहरा, श्री नरेंद्र सिंह, श्रीमती श्यामला राव, श्रीमती आशा चर्मकार, श्री हीरालाल प्रजापति एवं श्री शुभम त्रिपाठी सहित कॉलेज के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं तथा फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

  अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति और उसके परिवार के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। युवाओं में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ना समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।

   कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. डी.के. द्विवेदी एवं उपस्थित अतिथियों ने क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित विद्यार्थियों और स्टाफ को नियमित रूप से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।

  कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जागरूक युवा ही समाज में रक्तदान की संस्कृति को मजबूत कर सकते हैं और जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की डोर थाम सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments