रात के अंधेरे में रेत का खेल! वन विभाग की टीम ने बिना नंबर प्लेट डग्गी पकड़ी, वाहन जब्त
शहडोल। दक्षिण शहडोल वनमंडल में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने रात्रिगश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई की। वन वृत्त शहडोल के वन संरक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं वनमंडलाधिकारी दक्षिण शहडोल श्रद्धा पन्द्रे के मार्गदर्शन में 30 सितंबर की रात गठित रात्रिगश्ती दल ने वन परिक्षेत्र गोहपारू के बीट देवरी अंतर्गत ग्राम देवरी नंबर-1 में एक डग्गी वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में रेत लदी मिली। चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। खास बात यह रही कि मौके पर वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम अमर वर्मन, निवासी ग्राम लालपुर बताया। बाद में चालक ने वाहन के अंदर से MP18GA4433 नंबर की प्लेट दिखाई।
वन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर सुरक्षित वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर बुढ़ार में खड़ा कराया है। मामले में वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक श्रीप्रकाश शुक्ला, कार्यवाहक वनपाल नितिन खटीक, वनरक्षक मयंक अग्निहोत्री, गुरुदयाल पनिका, सुनील रैकवार, के.के. शुक्ला सहित अन्य वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments