Header Ads Widget

शहडोल में वन विभाग का सख्त एक्शन, अवैध खैर लकड़ी पर बड़ी चोट

 शहडोल में वन विभाग का सख्त एक्शन, अवैध खैर लकड़ी पर बड़ी चोट

शहडोल

जंगलों की सुरक्षा और अवैध लकड़ी तस्करी पर लगाम कसने के लिए शहडोल वन विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल श्री अनुपम सहाय (भा.व.से.) के निर्देशन और वनमण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल सुश्री श्रद्धा पन्द्रे (भा.व.से.) के कुशल मार्गदर्शन में दिनांक 07 जनवरी 2026 को एक के बाद एक तीन बड़ी कार्रवाइयाँ की गईं।

ग्राम बमुरा से शुरू हुई कार्रवाई

वन परिक्षेत्र बुढ़ार अंतर्गत ग्राम बमुरा में मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री राम प्रवेश यादव के बाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान खैर प्रजाति की 104 नग लकड़ी, जिसकी कुल मात्रा 3.109 घन मीटर पाई गई, मौके से जब्त की गई।

पूछताछ में सामने आया कि यह लकड़ी 06 जनवरी की रात को अशोक अवस्थी द्वारा पिकअप वाहन से लाकर यहां रखी गई थी। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शहडोल शहर में भी दबिश

इसी दिन वन विभाग की टीम ने शहडोल स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में श्री अशोक कुमार अवस्थी के निवास पर सर्च वारंट के तहत छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के सामने से खैर लकड़ी की छीलन के 5 बोरे, 2 नग लकड़ी के टुकड़े, एक बैटरी चालित चैन-सॉ मशीन और 13 चैन-सॉ बरामद किए गए।

लकड़ी और मशीनों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद सभी सामग्री को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

ढाबा स्थल से भी मिली अवैध लकड़ी

तीसरी कार्रवाई ग्राम पतखई में की गई, जहां श्री सुनील कुमार अवस्थी के ढाबा स्थल पर सर्च वारंट के जरिए तलाशी ली गई। उनके प्रतिनिधि श्री बिहारी यादव की मौजूदगी में जांच के दौरान खैर प्रजाति की 130 नग कटी हुई लकड़ी बरामद हुई। पैमाइश में इसकी मात्रा 2.079 घन मीटर पाई गई।

यहां भी लकड़ी की कटाई और संग्रहण से जुड़े कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले, जिस पर लकड़ी को जब्त कर कार्रवाई की गई।

टीम की सराहनीय भूमिका

इन सभी कार्रवाइयों में वन परिक्षेत्राधिकारी, परिक्षेत्र सहायक, वन चौकी प्रभारी, बीटगार्ड एवं अन्य वन कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही, जिनकी सतर्कता और तत्परता से यह कार्रवाई संभव हो सकी।

स्पष्ट संदेश

वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि

अवैध कटाई, भंडारण और तस्करी करने वालों पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments