Header Ads Widget

आल इंडिया वैक वर्ड क्लासेज़ फ़ेडरेशन म.प्र. का नववर्ष मिलन कार्यक्रम संपन्न, महापुरुषों की जयंती मनाने का लिया गया संकल्प

 आल इंडिया वैक वर्ड क्लासेज़ फ़ेडरेशन म.प्र. का नववर्ष मिलन कार्यक्रम संपन्न, महापुरुषों की जयंती मनाने का लिया गया संकल्प

शहडोल आल इंडिया वैक वर्ड क्लासेज़ फ़ेडरेशन मध्यप्रदेश द्वारा नववर्ष 2026 के अवसर पर एक मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वसम्मति से जनवरी माह में अवतरित हुए महापुरुषों की जयंती मनाने का निर्णय लिया गया, जिसमें माता सावित्रीबाई फुले, माता फ़ातिमा शेख, गुरु गोविन्द सिंह जी सहित अन्य महापुरुषों की जयंती 31 जनवरी 2026 को मनाई जाएगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, कवि, लेखक, सामाजिक चिंतक, वरिष्ठ अधिवक्ता, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम बाबू जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

पूर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी इमरान सिद्दीकी ने कहा कि समान विचारधारा वाले लोगों को एकजुट होकर समाज हित में कार्य करना चाहिए। प्रदेश सचिव के. पी. साहू ने संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर. पी. साहू ने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक संविधान की जानकारी पहुंचाना हमारा दायित्व है, इसके लिए वे हर प्रकार का त्याग करने को तैयार हैं।

कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष ओमकार सिंह, सीताराम वर्मा, पूर्व डीएम के. पी. साहू, जे. पी. साहू, महेश साहू, अख़्तर हुसैन, सिद्दीक अंसारी, दिनेश जायसवाल, लखपत सिंह, श्रीमती सुधा, श्रीमती शोभना, सुश्री अंकिता, सरस्वती, जितेंद्र पटेल एवं निरंजन सिंह (झारखंड) ने सुझाव दिया कि अंतरजातीय विवाह करने वाले दंपतियों को सम्मानित किया जाना चाहिए, जिससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिले।

इस अवसर पर संतोष पाल, महादेव सिंह, मनोज कुमार यादव, आर. सोनी, सुनील साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम बाबू जायसवाल को उनके जन्मदिन के अवसर पर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा श्रीफल व गुलदस्ता भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की गई। साथ ही वर्ष 2025 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन से की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन अखिलेश नामदेव द्वारा किया गया। आयोजकों ने जानकारी दी कि आगामी कार्यक्रमों में उत्कृष्ट समाजसेवियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments