शहडोल में पहली बार विदेशी कलाकारों के हैरतअंगेज करतब, आज से सजेगा ग्रेट जेमिनी सर्कस
बाणगंगा मेला मैदान में शाम 7:30 बजे होगा भव्य शुभारंभ, विधायक मनीषा सिंह समेत जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
शहडोल। शहरवासियों के मनोरंजन के लिए बांगंगा मेला मैदान में ग्रेट जेमिनी सर्कस का रोमांचक आगाज होने जा रहा है। सर्कस प्रबंधन के अनुसार गुरुवार शाम 7:30 बजे इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक शहडोल, विशेष अतिथि श्रीमती अमिता चपरा, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी शहडोल तथा प्रकाश नारायण शुक्ला, पार्षद वार्ड क्रमांक-17 मौजूद रहेंगे।
सर्कस की खासियत यह है कि शहडोल में पहली बार विदेशी कलाकारों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकार रोमांच और मनोरंजन से भरपूर प्रस्तुतियां देंगे। दर्शकों को ऐसे हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेंगे, जिन्हें देखकर दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
सर्कस में हवाई झूला, मौत का कुआं, जिम्नास्टिक, साइकिलिंग, मौत के गोले में मोटरसाइकिल चलाने सहित कई रोमांचक और जोखिम भरे करतब आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं छोटे-छोटे जोकर बच्चों को हंसाने और गुदगुदाने का काम करेंगे।
रोज होंगे तीन शो
ग्रेट जेमिनी सर्कस में दर्शकों के लिए प्रतिदिन तीन शो आयोजित किए जाएंगे। शो का समय दोपहर 1 बजे, शाम 4 बजे और शाम 7:30 बजे निर्धारित किया गया है। सर्कस प्रबंधन के मुताबिक अलग-अलग शो में कार्यक्रमों में बदलाव करते हुए दर्शकों को लगातार कुछ नया देखने को मिलेगा।
लंबे समय बाद शहडोल में इस तरह का बड़ा मनोरंजन आयोजन होने से शहरवासियों, खासकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
0 Comments