रोजगार सहायक ने महिला को घोषित किया मृतक, महिला ने कमिश्नर से जनसुनवाई में की शिकायत
कमिश्नर ने रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त करने के दिए निर्देश
शहडोल 18 अगस्त 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता की उपस्थित में आज कमिश्नर कार्यालय के अमरकंटक सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में शहडोल जिले के सोहागपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवगवां, कटहरी निवासी श्रीमती रामवती सिंह ने कमिश्नर को आवेदन करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक ने मुझे 21 नवम्बर 2024 को मृत घोषित करके समग्र पोर्टल से मेरा नाम हटा दिया है। जिसके कारण खाद्य पोर्टल व लाडली बहना योजना से मैं वंचित हो चुकी हूं। उन्होंने बताया कि मुझे किसी भी प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। श्रीमती रामवती सिंह ने कमिश्नर से कार्यवाही कर उन्हे शासन द्वारा चलाई जा रही योजनों का लाभ दिलाए जाने की बात कही। श्रीमती रामवती सिंह की इस गम्भीर शिकायत पर कमिश्नर ने जनसुनवाई में उपस्थित संयुक्त आयुक्त विकास से शिकायत के संबंध में वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा शिकायत की जांच कर ग्राम पंचायत देवगवां के रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश संयुक्त आयुक्त विकास को दिए।
जनसुनवाई में शहडोल जिले के जैतपुर तहसील के ग्राम पैरीबहरा के मनकामना कुशवाहा ने कमिश्नर को आवेदन देते हुए बताया कि उसने खसरा नम्बर 359/1 जो उसकी पैतृक भूमि है का नक्शा तरमीम, सीमांकन के लिए आवेदन किया है। किन्तु लगभग 01 वर्ष 03 माह हो जाने के बाद भी भूमि का सीमांकन नहीं किया गया है। तहसीलदार एवं पटवारी द्वारा मेरे से 10 हजार रूपए की मांग की गई है। मनकामना कुशवाहा ने कमिश्नर को बताया कि मै गरीब आदमी हूं मेरे पास इतना पैसा नहीं है। मैं पटवारी और तहसीलदार को पैसे देने में असमर्थ हूं। उन्होंने बताया कि मैने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराया है उसके बाद जैतपुर तहसीलदार एवं बरगवां पटवारी ने मुझें अपने कमरे में बुलाया और डराया धमकाया और जेल में बंद करने की धमकी दी है, जिसके कारण मै बहुत डरा हूं एवं दुखी भी हूं और पटवारी और तहसीलदार की शिकायत जनसुनवाई में करने आया हूं। श्री मनकामना कुशवाहा ने कमिश्नर से शिकायत की जांच कर उचित कार्यवाही करने की बात कही। कमिश्नर शहडोल संभाग ने इस अति गंभीर शिकायत की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर शहडोल को दिए हैं।
जनसुनवाई में अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ तहसील के ग्राम लेंढरा के रामनरेश ने कमिश्नर को आवेदन देते हुए बताया कि उन्होंने ग्राम लेंढरा मेें लगभग 150 यूकेलिप्टस के पेड़ लगाए थे। जिसे जबरन ग्राम के दशरथ, हेमराज, फूलसिंह के द्वारा मजदूर लगाकर जबरन कटवाया जा रहा है। मना करने पर मुझे, मेरी पत्नि एवं पुत्री के साथ गाली-गलौज की जा रही है तथा उन्हें धमकी भी दी जा रही है। मेरे द्वारा घटना की लिखित शिकायत अमरकंटक थाने में की गई, किन्तु उक्त व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस में एफआईआर नहीं की जा रही है। श्री रामनरेश ने कमिश्नर से परेशान करने वाले तथा पेड़ों को काटने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की। जिस पर कमिश्नर ने एसडीएम पुष्पराजगढ़ को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
जनसुनवाई में कमिश्नर द्वारा अन्य आवेदनों पर भी सुनवाई की गई तथा शिकायतों और समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त विकास श्री मुद्रिका सिंह, उपायुक्त विकास श्रीमती प्रेरणा सिंह, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वे, उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जेपी यादव, संयुक्त आयुक्त सहकारिता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments